जम्मू कश्मीर में तैनात पिथौरागढ़ के दीपक सिंह डसीला की हार्ट अटैक आने से मौत

पिथौरागढ़: जम्मू कश्मीर में तैनात पिथौरागढ़ की गणाई गंगोली तहसील के रूंगड़ी गांव निवासी सेना के जवान दीपक सिंह डसीला की ड्यूटी के दौरान हॉर्टअटैक से मौत हो गई। दीपक का पार्थिव शव शुक्रवार को उनके घर पहुंचेगा। जवान की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। 6 कुमाऊं का जवान दीपक (27) इन दिनों आरआर में तैनात थे। उनकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर में थी। जहां हृदयघात से उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त चाय-नाश्ते के बाद जैसे ही वह ड्यूटी को निकल रहे थे, इसी दौरान अचानक दीपक को हॉर्टअटैक आ गया। साथी जवान दीपक को सेना के अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले की उनकी मौत हो गई। दीपक वर्ष 2010 में सेना भर्ती हुए थे। एक वर्ष पूर्व दीपक की शादी चांदनी के साथ हुई थी। उनकी बहन की शादी पहले ही हो चुकी है। परिवार के इकलौते चिराग की मौत की खबर सुनकर माता नीमा देवी, पिता चंचल सिंह और पत्नी चांदनी बेसुध हैं। दीपक का शव आज शुक्रवार देर शाम तक घर पहुंचने की उम्मीद है। शहीद की मौत से क्षेत्र मे शोक की लहर है।