परमार्थ नारी सशक्ति केन्द्र में ‘क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण’ का समापन
ऋषिकेश, परमार्थ निकेतन द्वारा डिवाइन शक्ति फाउंडेशन के अन्तर्गत परमार्थ नारी सशक्ति केन्द्र की नारियों का दो-दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 5 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया तथा 5 समूहों का और गठन किया जायेगा। परमार्थ निकेतन के स्वयं सेवकों द्वारा अलग-अलग समूहों के साथ सम्पर्क किया जा रहा हैं ताकि मातृशक्तियों को स्वयं सहायता समूह के विषय में विस्तृत जानकारी दी जा सके। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य है कि महिलाओं कोे स्वरोजगार योजनाओं के लिये बैंकों से जोडकर उन्हें आत्म निर्भर बनाया जायें।
परमार्थ नारी सशक्ति केन्द्र, प्रकाश भारती एवं महिला व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र, देहरादून रोड पर विभिन्न समुदायों की महिलाओं एवं बेटियों को दो-दो दिवसीय स्वयं सहायता समूह ‘क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण’ दिया गया।
इस अवसर पर परमार्थ निकेेतन के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त करते हुये कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना अत्यंत आवश्यक है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वित्तीय संसाधनों तक महिलाओं की पहुँच को बढ़ाने हेतु क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों और महिलाओं के कौशल को बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का उत्कृष्ट प्रयास है। कोविड-19 महामारी के इस दौर में लैंगिक समानता के साथ महिलाओं को वित्तीय प्रणाली और रोजगार से जोड़ना आवश्यक है ताकि वे जीवन में आने वाली आर्थिक चुनौतियों का सामना कर सके।