मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग जनपद के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई निरीक्षण
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग जनपद के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। इसके बाद सीएम धामी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आपदा की वजह से क्षतिग्रस्त मार्गों और पुलों को ठीक करने हेतु किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। सीएम ने दावा किया कि सरकार जल्द से जल्द केदारनाथ यात्रा मार्ग को फिर से संचालित करने के लिए तेजी से काम कर रही है। सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हवाई निरीक्षण का एक वीडियो शेयर कर पोस्ट में लिखा, “जनपद रुद्रप्रयाग के आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। इसके उपरांत स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त हुए मार्गों एवं पुलों को ठीक करने हेतु किए जा रहे कार्यों की भी विस्तृत जानकारी ली। हमारी सरकार जल्द से जल्द श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग को पूर्व की भांति संचालित करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।” बता दें कि उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण कई इलाके आपदा से प्रभावित हैं। भूस्खलन, नदियों के उफान पर होने और सड़कें ध्वस्त होने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सरकार के निर्देश पर राहत-बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। सीएम धामी ने भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग भी शामिल है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए धामी सरकार ने यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। इसके साथ ही सरकार लोगों से अपील कर रही है कि वह सुरक्षित स्थानों पर रहें और सरकार के निर्देशों का पालन करें। मौके पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक भरत चौधरी, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अभिनव कुमार, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु,सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडेय, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, आईजी के.एस. नगन्याल जिलाधिकारी सौरभ गहरवार और पुलिस अधीक्षक डॉ विशाखा अशोक भदाणे मौजूद थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बोलेरो सहित शराब की खेप जब्त
कर्णप्रयाग में धारदार हथियार से हमला करने वाले 04 निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल
फ्लोरिश स्टे होटल अग्निकांड प्रकरण में गिरफ्तार उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी के परिजनों से गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने की मुलाकात
केदारनाथ धाम में अपनों से बिछड़े बालक के लिए देवदूत बनी रुद्रप्रयाग पुलिस
क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल द्वारा किया गया कोतवाली लैंसडाउन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण