एचआरडी मिनिस्टर डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक को दिया जाएगा “वातायन लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड”

देहरादून: साहित्यकार, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में भारत के शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ को इस वर्ष 2020 का वातायन यूके द्वारा लंदन में ‘वातायन लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया जाएगा। विश्व के एक दर्जन से अधिक देशों में अपने साहित्य सृजन, गंगा, हिमालय और पर्यावरण के क्षेत्र में किये गये विशिष्ट कार्यों के लिये सम्मान प्राप्त कर चुके डॉ. निशंक को यह सम्मान आज लंदन में भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे प्रदान किया जाएगा। इससे पहले निशंक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्लोबल ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडियन पीपुल्स ऑरिजन द्वारा भी मॉरिशस में ‘अंतरराष्ट्रीय असाधारण उपलब्धि सम्मान’ प्रदान किया जा चुका है। वैश्विक हिन्दी परिवार एवं वातायन की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में दुनियाभर के लेखक, कवि, पत्रकार, चिंतक व शिक्षाविद ऑनलाइन उपस्थित रहेंगे।
भारत के शिक्षा मंत्री को इस वर्ष का प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय असाधारण उपलब्धि सम्मान दिये जाने की घोषणा के बाद साहित्यिक क्षेत्र के लोगों में काफी प्रसन्नता है.गौर हो कि फैडरिक पिनकॉड यूके अवॉर्ड-2014 की विजेता संस्था वातायन का गठन कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के भाषा विज्ञान के रीडर डॉ. सतेन्द्र श्रीवास्तव ने वर्ष 2003 में किया था। संस्था अबतक भारत के प्रतिष्ठित लेखकों एवं गीतकारों जैसे- जावेद अख्तर, निदा फाजली, प्रसून जोशी, प्रो. पुष्पिता अवस्थी, मधु चतुर्वेदी एवं लक्ष्मी शंकर वाजपेयी सहित कई प्रसिद्ध लेखकों, कवियों को यह सम्मान प्रदान कर चुकी है। डॉ. निशंक की अनेकों पुस्तकों का तमिल, तेलगू, मलयालम, संस्कृत, कन्नड, गुजराती, मराठी, भोजपुरी, गढ़वाली, पंजाबी, उड़िया आदि भारतीय भाषाओं के अतिरिक्त अंग्रेजी, नेपाली, फ्रैंच, डच, स्पैनिश, क्रियोल आदि विदेशी भाषाओं में हुआ है. डॉ. निशंक के देशभक्ति के गीत देश के अनेक आकाशवाणी एवं दूरदर्शन केंद्रों पर प्रसारित किये जाते हैं और देश के अनेकों विद्यालयों मे प्रार्थना के रूप में गाये जाते हैं।