कांग्रेस पर मुकदमा दर्ज होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

नैनीताल: लॉकडाउन उल्लंघन मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने नैनीताल में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि ये मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं। देहरादून में प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नैनीताल के जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल समेत अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर मुकदमों को वापस नहीं लिया गया तो वह प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार कोरोना की रोकथाम में पूर्ण रूप से फेल रही है। जब से प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है तब से प्रदेश का विकास ठप हो गया है। कोई विकास कार्य नहीं हो रहे हैं. इन दिनों संक्रमण से बचने के लिए जो प्रवासी वापस अपने घर लौट रहे हैं उनके लिए सरकार के द्वारा कोई उचित सुविधाएं नहीं की गई हैं। जिस वजह से कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।