प्रियंका गांधी वाड्रा से खाली कराया गया सरकारी बंगला, अब इन राज्यसभा सांसद को आवंटित हुआ सरकारी बंगला

प्रियंका गांधी वाड्रा से दिल्ली स्थित सरकारी आवास खाली कराने के बाद यह सरकारी आवास अब उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी को अलॉट हुआ है। अनिल बलूनी अब लोधी एस्टेट दिल्ली में सरकारी बंगले में रहेंगे। बता दें कि ये बंगला इससे पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को आवंटित था। पिछले दिनों ही केंद्र सरकार ने प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए सरकारी आवास का आवंटन रद्द कर दिया था। अब इस बंगले में राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी रहेंगे। आपको बता दें कि अनिल बलूनी सितंबर 2019 से कैंसर की बीमारी से ग्रस्त थे और इस वजह से उन्हें इलाज के लिए मुंबई जाना पड़ा था। दिल्ली लौटने के बाद उन्होंने अपने वर्तमान आवास को स्वास्थ्य कारणों की वजह से बदलने की मांग की थी। खाली होने वाले बंगलों की लिस्ट में 35 लोधी एस्टेट बंगला सूचीबद्ध होते ही उन्हें आवंटित किया गया।